
लखनऊ सामूहिक हत्याकांड: बेटे ने मां का गला दबाया, पिता ने सर्जिकल ब्लेड से काटी नसें, चार बेटियों की तड़प से मचा हाहाकार
लखनऊ के नाका क्षेत्र में स्थित होटल शरणजीत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां परिवार के पांच सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी 24 वर्षीय मोहम्मद अरशद और उसके पिता बदर पर इन हत्याओं को अंजाम देने का आरोप है।

वीडियो संदेश में हत्या की जिम्मेदारी
आगरा निवासी अरशद ने एक वीडियो संदेश में दावा किया कि जमीन से जुड़े विवाद और समुदाय के लोगों के अत्याचार से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। उसने कहा कि उसके पिता ने उसे हत्या में शामिल किया और परिवार को नशीला पदार्थ देकर वारदात को अंजाम दिया।
कैसे अंजाम दी गई वारदात?
पुलिस के अनुसार, अरशद ने अपनी मां अस्मा का गला घोंटा, जबकि उसके पिता बदर ने सर्जिकल ब्लेड का इस्तेमाल कर चारों बहनों की नसें काट दीं। मृतकों में आलिया (9), अलशिया (19), अक्सा (16), और रहमीन (18) शामिल हैं। बेटियां तड़पती रहीं, लेकिन पिता ने बेरहमी से यह सब देखा।
आरोपी पिता फरार, बेटा गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अरशद को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, बदर अभी फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या और साजिश का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस का बयान
मध्य लखनऊ की डीसीपी रवीना त्यागी ने बताया कि घटना के पीछे जमीन विवाद और पारिवारिक कलह मुख्य कारण हो सकते हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि बदर ने इस हत्याकांड की साजिश पहले से ही रची थी।
पूरे मामले की जांच जारी
पुलिस ने हत्याकांड में इस्तेमाल की गई सर्जिकल ब्लेड को बरामद कर लिया है। आरोपी बेटे अरशद ने अपने बयान में स्वीकार किया कि वह अपने पिता के कहने पर इस घिनौने अपराध में शामिल हुआ।
यह घटना न केवल लखनऊ बल्कि पूरे देश को झकझोरने वाली है। पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी पिता की तलाश जारी है।







